:: काली बिल्लौद रोड पर घेराबंदी कर पकड़ा; बाजार मूल्य करीब 1.55 लाख रुपए आंका गया :: इंदौर (ईएमएस)। कलेक्टर शिवम वर्मा और सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। विभाग की टीम ने देपालपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर दो आरोपियों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में बीयर केन और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। आबकारी कंट्रोलर देवेश चतुर्वेदी और डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में वृत्त देपालपुर के उप निरीक्षक भगवानदास अहरवार एवं उनकी टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि काली बिल्लौद रोड की ओर से एक पल्सर बाइक पर अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए टीम ने तत्काल काली बिल्लौद रोड पर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। चेकिंग के दौरान टीम ने काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (एमपी 09 डीझेड 8265) को रोका। वाहन पर सवार संजय पिता अमरसिंह और सुनील पिता भंवरसिंह (दोनों निवासी इंदौर) की जब तलाशी ली गई, तो उनके पास मौजूद झोले से 24 नग बोल्ट बीयर केन बरामद हुए। आरोपियों के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। विभाग ने शराब सहित मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर लिया है, जिसका कुल अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1.55 लाख रुपए बताया जा रहा है। :: आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज :: दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। विभाग अब आरोपियों से शराब के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रहा है। इस पूरी कार्रवाई में आबकारी आरक्षक राशि सोलट, रवींद्र कुमार बघेल और सावन सिसोदिया का सराहनीय योगदान रहा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रकाश/15 मई 2026