राज्य
15-May-2026


:: आत्मा योजना के तहत इंदौर जिले के कृषक होंगे पुरस्कृत; जिला स्तर पर 25 हजार और ब्लॉक स्तर पर 10 हजार की मिलेगी राशि :: इंदौर (ईएमएस)। खेती-किसानी में नवाचार करने और उन्नत तकनीक अपनाकर रिकॉर्ड उत्पादन प्राप्त करने वाले इंदौर जिले के किसानों के लिए अच्छी खबर है। राज्य शासन द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों को पुरस्कृत किया जाएगा। यह पुरस्कार कृषि के साथ-साथ उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन और कृषि अभियांत्रिकी के क्षेत्र में आय बढ़ाने वाले किसानों को आत्मा योजना के अंतर्गत प्रदान किए जाएंगे। कृषि तकनीकी प्रबंध संस्था की परियोजना संचालक एवं उप संचालक श्रीमती शर्ली थामस ने जानकारी दी कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य उन किसानों को प्रोत्साहित करना है जिन्होंने खेती को लाभ का धंधा बनाया है। योजना के तहत जिला स्तर पर चयनित होने वाले किसानों को 25-25 हजार रुपये और विकासखण्ड (ब्लॉक) स्तर पर चयनित प्रगतिशील किसानों को 10-10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। :: 25 मई तक जमा होंगे आवेदन :: पुरस्कार के लिए इच्छुक किसानों से विभाग ने 25 मई 2026 तक निर्धारित प्रपत्र में आवेदन आमंत्रित किए हैं। कृषि श्रेणी के लिए किसान अपने संबंधित विकासखण्ड के तकनीकी प्रबंधक (आत्मा) या वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय से आवेदन प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 मई शाम 6 बजे निर्धारित की गई है। :: संबंधित विभागों से कराना होगा सत्यापन :: उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन और कृषि अभियांत्रिकी क्षेत्र के कृषकों को अपने संबंधित विभागों से आवेदन प्राप्त करने होंगे। आवेदन भरने के बाद उसी विभाग से उसका सत्यापन कराना अनिवार्य होगा, जिसके बाद ही उसे स्वीकार किया जाएगा। विभाग ने अपील की है कि जिले के अधिक से अधिक उन्नत किसान इस प्रक्रिया में शामिल हों ताकि उनके प्रयासों को प्रदेश स्तर पर पहचान मिल सके। प्रकाश/15 मई 2026