रियो डी जनेरियो (ईएमएस)। ब्राजील फुटबॉल परिसंघ (सीबीएफ) ने इटली के कार्लो एंसेलोटी को साल 2030 सत्र तक लिए राष्ट्रीय टीम का मुख्य कोच बनाया है। सीबीएफ ने एंसेलोटी के अनुबंध को अगले चार साल तक के लिए बढ़ा दिया है। एंसेलोटी साल 2025 में टीम से जुड़े थे। उनके मार्गदर्शन में टीम ने फीफा विश्व कप 2026 के लिए सफलतापूर्वक क्वालीफाई किया था। विश्वकप अगले माह 11 जून से अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में होना है। अनुबंध बढ़ाये जाने पर खुशी व्यक्त करते हुए, एंसेलोटी ने कहा, मैं एक साल पहले ब्राजील आया था और पहले मिनट से ही यह समझ गया था कि इस देश के लिए फुटबॉल का क्या महत्व है। हम एक साल से ब्राजीलियन नेशनल टीम को दुनिया के शीर्ष पर वापस लाने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, सीबीएफ और मैं अभी और जीत, समय और कड़ी मेहनत चाहते हैं। उन्होंने आगे कहा, हमें यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि हम अगले चार साल तक, यानी 2030 विश्व कप तक साथ रहेंगे। मैं सीबीएफ को उनके भरोसे के लिए और ब्राजील को इतने शानदार स्वागत और प्यार के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। वहीं सीबीएफ के प्रेसिडेंट समीर जौद ने इस अनुबंध बढ़ाये जाने को एक ऐतिहासिक दिन करार दिया। उन्होंने कहा, एंसेलोटी का करार बढ़ाना राष्ट्रीय टीम को एक मजबूत, आधुनिक और प्रतिस्पर्धी कोच प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को बढ़ाने की दिशा में एक और अहम कदम है। गौरतलब है कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ब्राजील अपने अभियान की शुरुआत 13 जून को मोरक्को के खिलाफ करेगा। यह एंसेलोटी के लिए ब्राजील के कोच के रूप में उनका पहला फाइनल होगा। वह पहले इटली के कोचिंग स्टाफ के सदस्य के तौर विश्वकप में शामिल हुए थे। एंसेलोटी वर्ल्ड कप में ब्राजील को कोचिंग देने वाले पहले विदेशी कोच हैं। गिरजा/ईएमएस 16मई 2026