सिडनी (ईएमएस)। ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान पैट कमिंस ने कहा है कि पैसों के लालच में कोई भी क्रिकेटर बिग बैश लीग (बीबीएल ) छोड़कर दक्षिण अफ्रीका की एसए टी20 लीग नहीं खेलने जा रहा। कमिंस का ये बयान एक रिपोर्ट के आधार पर आया है। इसमें दावा किया गया है क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) तेजी से बढ़ते टी20 बाजार के हिसाब से खिलाड़ियों के वेतन में सुधार करने में असफल रहा है। इसी कारण कई बड़े खिलाड़ी घरेलू बिग बैश लीग (बीबीएल) छोड़ सकते हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि ऑस्ट्रेलिया के बड़े मल्टी-फॉर्मेट स्टार खिलाड़ी विदेशी फ्रैंचाइजी लीग में लगभग 1 मिलियन डॉलर तक कमा रहे हैं, जो वर्तमान बीबीएल अनुबंध से काफी अधिक है। साथ ही इसमें चेतावनी भी दी गई थी कि अगर वेतन का यह अंतर बढ़ता रहा, तो सीए के लिए अपने बड़े खिलाड़ियों को टीम में बनाए रखना कठिन हो सकता है। कमिंस ने सार्वजनिक तौर पर इन दावों को खारिज कर दिया। कमिंस ने सोशल मीडिया में लिखा, एस20 के लिए एनओसी और द हंड्रेड लीग के प्रस्वाव के बारे में आपने मेरे बारे में जो कुछ भी लिखा है, वह सब गलत है। इस रिपोर्ट में आगे यह भी दावा किया गया था कि तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क से इंग्लैंड की द हंड्रेड लीग ने संपर्क किया था और उन्हें लगभग 800,000 डॉलर के ऑफर दिए थे। यह इस बात का संकेत है कि ऑस्ट्रेलिया के बाहर फ्रैंचाइजी क्रिकेट का आर्थिक आकर्षण लगातार बढ़ता जा रहा है। हालांकि कमिंस ने उन अटकलों को खारिज करते हुए कहा है कि वह बीबीएल में ही बने रहेंगे। गिरजा/ईएमएस 16मई 2026