राष्ट्रीय
16-May-2026


हैदराबाद (ईएमएस)। हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय हड़कंप मच गया जब मलेशिया से आ रही एयरएशिया की एक उड़ान को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी एक अज्ञात ईमेल के माध्यम से दी गई थी, जिसमें ऐसा दावा किया गया था कि शमशाबाद हवाई अड्डे पर लैंड करने से पहले विमान को हवा में ही उड़ा दिया जाएगा। इस गंभीर धमकी के सामने आते ही हवाई अड्डे की सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। आपातकालीन प्रोटोकॉल को तत्काल लागू करते हुए पूरे हवाई अड्डे की सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से कड़ा कर दिया गया है। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और धमकी की सत्यता की जांच के साथ-साथ हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। सतीश मोरे/16मई ---