राज्य
16-May-2026


- अगले 5 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट रांची (ईएमएस)। झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है, जहाँ एक ओर भीषण गर्मी का प्रकोप है, वहीं दूसरी ओर तेज आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली (वज्रपात) ने भारी तबाही मचाई है। मौसम विभाग ने राज्य में शनिवार 16 मई से 21 मई तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही, 17 और 18 मई को रांची, धनबाद, बोकारो, कोडरमा, रामगढ़ और हजारीबाग जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए विशेष सावधानी बरतने की चेतावनी दी गई है। इस बीच, राहत भरी खबर यह है कि राज्य में इस बार समय से पहले, यानी 5 या 6 जून तक मानसून के दस्तक देने की प्रबल संभावना है। यदि यह पूर्वानुमान सटीक बैठता है, तो पिछले सालों की तुलना में इस बार करीब 12 दिन पहले मानसून आ जाएगा। हालांकि, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंधी-बारिश के साथ गिरे ठनके (वज्रपात) और हादसों के कारण सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए। पलामू के नवाबाजार, लातेहार के मनिका व रेहला, गढ़वा, लोहरदगा के कुड़ू और हजारीबाग के विष्णुगढ़ में वज्रपात की चपेट में आने से लोगों ने जान गंवाई। वहीं, रांची के चान्हो में एक ईंट भट्ठा मजदूर की मौत भी ठनका गिरने से हुई। इसके अलावा गढ़वा के साढ़ो गांव में आंधी के कारण एक जर्जर मकान ढहने से मलबे में दबकर 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। तापमान की बात करें तो राज्य में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश से राहत है, वहीं पलामू का डालटनगंज 44 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। इसके विपरीत रांची का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री, जमशेदपुर का 36 डिग्री और चाईबासा का 38.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रामयश/ईएमएस 16 मई 2026