बस में सवार चार वर्षीय बच्चे की आग की चपेट में आने से मौत पिता और यात्रियों ने लगाएं बस मालिक और चालक पर लापरवाही के आरोप शाजापुर (ईएमएस)। जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर नेशनल हाईवे पर स्थित एक निजी होटल पर चाय-नाश्ते के लिए खड़ी हुई इन्दौर से ग्वालियर जा रही यात्री बस इंटरसिटी एक्सप्रेस में शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई । आग लगने से बस में सवार एक चार वर्षीय बच्चे की जलने से मौत हो गई। आग लगते ही बस में अफरातफरी मच गई, जिसके चलते शिवपुरी निवासी अन्य पिता अभिषेक जैन बस में ही रह गया। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अन्य को सीट के नीचे से जली हुई अवस्था में निकाला गया। जलने से अन्य का कंकाल रह गया। बस में से निकालने के बाद बच्चे के शव को जिला अस्पताल शाजापुर भेजा गया। शनिवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा।बस में सवार यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से खिड़की तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बस में आपातकालीन गेट भी नहीं था, इसके अलावा बस में अग्निशमन यंत्र की भी कोई व्यवस्था नहीं थी। बस चालक और क्लिनर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी लगते ही तराना और मक्सी थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मक्सी, तराना और शाजापुर के पांच फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। बस में सवार अधिकांश यात्रियों का सामना जलकर खाक हो गया। बेटे को बस में ढूंढ रहे पिता अभिषेक जैन ने लाखों रुपए के किसी यात्री के पड़े हुए गहनों को तराना टी आई को सौंपा। बेटे को पिता नहीं बचा सका लेकिन उसने लाखों रुपए के जेवर बस में से मिलने पर पुलिस को दिए, इसके अलावा कई यात्रियों की जान भी बचाई। चलती बस में यदि आगजनी की घटना होती तो कई लोगों की जान जा सकती थी। सवार यात्रियों ने बताया रात 12 बजे के करीब बस आकर होटल पर रूकी और पांच मिनट बाद ही उसमें आग की लपटें उठने लगी। बस में वायरिंग जलने की बदबू पहले से ही आ रही थी और चालक को बताया भी गया लेकिन उसने नहीं सुनी। होटल पर बस रूकने के बाद बोनट पर पहले धुंआ दिखाई देने लगा और अचानक आग लग गई। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे, कुछ यात्री नीचे उतर गए थे, बाकी यात्रियों को खिड़की तोड़कर बाहर निकाला गया। बस में आपातकालीन खिड़की भी नहीं थी। अग्निशमन यंत्र की भी बस में व्यवस्था नहीं थी। आग लगते ही बस में भगदड़ की स्थिति बन गई। संभवतः भगदड़ में चार वर्षीय अन्य यात्रियों के पैरों तले दब गया और सीट के नीचे चला गया, जिसके चलते वह बाहर नहीं निकल सका। अन्य के पिता अभिषेक जैन ने रोते हुए पूरा घटनाक्रम बताया और कहा मैं अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ इन्दौर से रात 10 बजे अपने घर शिवपुरी के लिए निकला। रास्ते में ही वायर जलने की बदबू आ रही थी,बस चालक को एक यात्री ने कहा लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया। बस होटल पर आकर रूकी और उसके बाद खड़ी हुई बस में बोनट पर धुंआ उठने लगा और आग लग गई । बस में भगदड़ की स्थिति बन गई। बस में आपातकालीन खिड़की नहीं,गेट भी नहीं खुल रहा था,मेरा चार साल का बच्चा जलकर मर गया। मीडिया से अनुरोध है आगे कोई बच्चा ऐसे न मरें। मेरा भविष्य जलाया है और कोई का भविष्य न जलें। मैंने फायर ब्रिगेड को फोन लगाया,किसी ने नहीं लगाया। आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड आई, उसमें भी पानी नहीं था। उसके बाद फायर ब्रिगेड आएं। प्रशासन लोगों की जान ले रहा है। महिला यात्री मालती शर्मा ने भी बताया बस में वायर जलने की बदबू आ रही थी,बस चालक को बताया लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। बस चालक बात मान लेता तो बस में आग नहीं लगती। दो घंटे में निकाला गया अन्य को बच्चे को बस में से निकालने के लिए करीबन दो घण्टे की मशक्कत करना पड़ी। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाने के बाद बच्चे को बस में तलाशने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। जेसीबी के माध्यम से बस की डिक्की और गेट को तोड़ा गया। जेसीबी से बस की सीटों को हटाया गया। बस में जगह बनाने के बाद अन्य को ढूंढा और सीट के नीचे से उसका कंकाल मिला। सिस्टम की लापरवाही शाजापुर जिले में हाईवे पर इसके पहले भी बस में आग लगने की दो घटनाएं हो चुकी है। आगजनी की घटनाओं के बाद भी प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया। परिवहन एवं पुलिस विभाग हाईवे से गुजर रही इन बसों की चेकिंग ही नहीं करता। बसों की छतों पर सामान का परिवहन धड़ल्ले से किया जा रहा है,इस बस में भी छत पर बड़ी मात्रा में लगेज बंधा हुआ था। लगेज के कारण आग और तेजी से फैली। बस। में आपातकालीन गेट भी नहीं था, इसके अलावा आग से बचने के लिए अग्निशमन यंत्र भी नहीं। इस मामले में तराना टी आई रामचरण भदौरिया ने बताया इंटरसिटी एक्सप्रेस एमपी-07 जेएल 9090 जो कि इन्दौर से ग्वालियर जा रही थी, इसी बीच होटल जैन पथ पर रूकी। होटल पर बस में अचानक आग लग गई। इसमें सवार एक चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई है, बाकी सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। बच्चे के शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल शाजापुर भेजा गया। जांच के पश्चात इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। .../ 16 मई /2026