- तस्करी सिंडिकेट के तार पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार से जुड़े - धनबाद आरपीएफ ने पकड़ी बीयर की पेटियां, तस्करों की तलाश तेज धनबाद (ईएमएस)। पूर्व मध्य रेलवे की ट्रेन में शराब तस्करी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। धनबाद रेलवे स्टेशन पर गंगा-दामोदर एक्सप्रेस के एसी कोच के शौचालय की छत में बनाए गए एक गुप्त बंकर से आरपीएफ ने विदेशी बीयर की तीन बड़ी पेटियां बरामद की हैं। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी से ट्रेनों में चल रहे एक हाईटेक तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। आरपीएफ की शुरुआती जांच के अनुसार, इस तस्करी सिंडिकेट के तार पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार से जुड़े हैं। तस्कर कुल्टी, सीतारामपुर, बलिया, बनारस, धनबाद और हजारीबाग जैसे स्टेशनों से शराब की खेप ट्रेनों में चढ़ाते थे, जिसे पूर्ण शराबबंदी वाले राज्य बिहार पहुंचाया जाता था। आशंका जताई जा रही है कि जब ट्रेन सफाई और रखरखाव के लिए यार्ड में खड़ी होती थी, उसी दौरान स्थानीय रेल कर्मियों या मेंटेनेंस स्टाफ की मिलीभगत से शौचालय की छत को काटकर यह सीक्रेट बंकर तैयार किया गया था। तस्करों की धरपकड़ के लिए आरपीएफ अब यात्रियों के चार्ट और विभिन्न स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जांच से स्पष्ट हुआ है कि यह गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से ट्रेनों की समय-सारणी और चेकिंग रूटीन की सटीक जानकारी रखकर काम करता था। फिलहाल धनबाद आरपीएफ ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। रामयश/ईएमएस 16 मई 2026