ट्रम्प ईरान युद्ध को लेकर पूछे गए एक सवाल पर पत्रकार पर भड़क गए वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान युद्ध को लेकर पूछे गए एक सवाल पर पत्रकार पर भड़क गए। प्रेस वार्ता में ट्रम्प ने रिपोर्टर की आलोचना करते हुए उसकी रिपोर्टिंग को “देशद्रोह” बता दिया और कहा कि मीडिया सच को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहा है। दरअसल अमेरिका के एक वरिष्ठ पत्रकार डेविड सेंगर ने ट्रम्प से सवाल किया था कि यदि अमेरिका ने ईरान के खिलाफ “पूरी सैन्य जीत” हासिल कर ली है, तो फिर अमेरिका अपने राजनीतिक लक्ष्य हासिल क्यों नहीं कर पाया और सैन्य कार्रवाई अब तक क्यों जारी है। इस सवाल पर ट्रम्प भड़क गए। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान के खिलाफ पूरी तरह सफल सैन्य अभियान चलाया है और यह बात हर कोई जानता है। ट्रम्प ने पत्रकार की ओर इशारा करते हुए कहा कि सिर्फ आप जैसे लोग ही सच नहीं लिखते। इसके बाद ट्रम्प ने रिपोर्टर पर व्यक्तिगत हमला करते हुए कहा कि मुझे लगता है कि जिस तरह आप लिखते हैं, वह देशद्रोह जैसा है। आपके एडिटर आपको जो लिखने के लिए कहते हैं, आप वही लिखते हैं। आपको खुद पर शर्म आनी चाहिए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ट्रम्प के इस बयान के बाद अमेरिकी मीडिया और राजनीतिक हलकों में बहस छिड़ गई। आलोचकों का कहना है कि राष्ट्रपति का इस तरह पत्रकारों पर हमला करना प्रेस की स्वतंत्रता के खिलाफ है, जबकि उनके समर्थकों का मानना है कि मीडिया प्रशासन की उपलब्धियों को सही तरीके से पेश नहीं करता। हाल के दिनों में ईरान को लेकर अमेरिका की सैन्य कार्रवाई और कूटनीतिक रणनीति पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ट्रम्प प्रशासन दावा कर रहा है कि अमेरिकी हमलों से ईरान की सैन्य और परमाणु क्षमताओं को बड़ा नुकसान पहुंचा है, लेकिन दूसरी ओर युद्धविराम, क्षेत्रीय तनाव और राजनीतिक समाधान को लेकर स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं है। यह पहला मौका नहीं है जब ट्रम्प का मीडिया से टकराव हुआ हो। अपने राजनीतिक करियर में वह कई बार अमेरिकी मीडिया संस्थानों पर पक्षपातपूर्ण रिपोर्टिंग का आरोप लगाते रहे हैं। सिराज/ईएमएस 16मई26