अंतर्राष्ट्रीय
16-May-2026
...


इस्लामाबाद,(ईएमएस)। अमेरिका-इजरायल-ईरान युद्ध से उपजे वैश्विक तेल संकट के बीच पाकिस्तान सरकार ने एक बड़ा फैसला लेकर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 5 रुपये प्रति लीटर की कटौती करने का ऐलान किया है। इस कटौती के बाद अब पेट्रोल 409.78 रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल 409.58 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। पाकिस्तान सरकार, जो 28 फरवरी को शुरू हुए युद्ध के बाद से हर हफ्ते पेट्रोलियम कीमतों में बदलाव कर रही है, ने बीते हफ्ते पेट्रोल में 14.92 रुपये और डीजल में 15 रुपये की बढ़ोतरी की थी। युद्ध की शुरुआत (6 मार्च) में पाकिस्तान सरकार ने एक झटके में 55 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया था, जिसके बाद 9 मार्च को अभूतपूर्व खर्च कटौती के उपाय भी घोषित करने पड़े थे। वहीं, पड़ोसी देश भारत में, जहां वैश्विक संकट के बावजूद ईंधन की कीमतों को काफी हद तक नियंत्रित रखा गया है, हाल ही में चार साल के लंबे अंतराल के बाद सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीज़ल के दाम में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। यह बढ़ोतरी अप्रैल 2022 से स्थिर रही कीमतों में हुई है। हालांकि, मार्च 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले दो रुपये प्रति लीटर की एकमुश्त कटौती भी की गई थी। चुनाव के बाद (असम, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के 16 दिन बाद) यह वृद्धि हुई, जबकि मतदान अवधि के दौरान अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में भारी उछाल के बावजूद कोई बदलाव नहीं किया गया था। कंपनियों ने चुनाव से पहले पेट्रोल पर 14 रुपये, डीज़ल पर 42 रुपये और एलपीजी पर 674 रुपये प्रति लीटर का घाटा उठाया था। जारी आंकड़ों के मुताबिक, वैश्विक तेल संकट के बावजूद भारत में पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में बढ़ोतरी दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में सबसे कम रही है। जहां म्यांमार में पेट्रोल 89.7 प्रतिशत और डीजल 112.7 प्रतिशत तक महंगा हुआ, वहीं मलेशिया, पाकिस्तान, यूएई और अमेरिका में भी 40 से 80 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई। इसके विपरीत, भारत में पेट्रोल केवल 3.2 प्रतिशत और डीज़ल 3.4 प्रतिशत महंगा हुआ है, जिसे प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे कम वृद्धि बताया गया है। सरकार का दावा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी उछाल के बावजूद आम लोगों पर बोझ कम करने के लिए कीमतों को लंबे समय तक नियंत्रित रखा गया। आशीष दुबे / 16 मई 2026