अंतर्राष्ट्रीय
16-May-2026
...


द हेग (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड्स के द हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित कर वैश्विक भविष्य को लेकर एक गंभीर चेतावनी दे दी है। द हेग में, पीएम मोदी ने कहा कि यह दशक दुनिया के लिए आपदाओं का दशक बन चुका है और यदि मौजूदा हालात में सुधार नहीं हुआ, तब इसके गंभीर परिणाम दशकों तक भुगतने पड़ सकते हैं। एक ओर उन्होंने वैश्विक चुनौतियों पर प्रकाश डाला, वहीं दूसरी ओर एक न्यू इंडिया की आकांक्षाओं और उपलब्धियों को गर्व के साथ भारतीयों के साथ साझा किया। प्रधानमंत्री मोदी ने नए भारत की पहचान बताकर कहा कि आज भारत बड़े सपने देख रहा है और उन्हें हकीकत में बदलने की ओर कदम बड़ा रहा है। उन्होंने चंद्रयान मिशन की सफलता का विशेष उल्लेख किया, जहां भारत ने चंद्रमा के उस हिस्से पर कदम रखा, जिस पर पहले कोई देश नहीं पहुंचा था। पीएम मोदी ने नीदरलैंड्स के नेतृत्व से अपनी हर बातचीत का जिक्र किया, जहां उन्हें हमेशा भारतीय समुदाय की प्रशंसा सुनने को मिली। उन्होंने रेखांकित किया कि समय के साथ भले ही कई चीजें बदल गई हों, लेकिन भारतीय संस्कृति के संस्कार और अपनापन आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। अपने संबोधन में, प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की आर्थिक और तकनीकी प्रगति पर विस्तार से बात की। उन्होंने बताया कि भारत चिप मैन्युफैक्चरिंग और सेमीकंडक्टर सेक्टर में अभूतपूर्व कदम उठा रहा है। देश में इस समय 12 सेमीकंडक्टर प्लांट्स पर काम हो रहा है, जिसमें से दो प्लांट्स ने उत्पादन भी शुरू कर दिया है। इसके अतिरिक्त, भारत दुनिया की सबसे बड़ी सरकारी-वित्तपोषित स्वास्थ्य बीमा योजना का सफलतापूर्वक संचालन कर रहा है, जो लाखों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान कर रही है। वहीं डिजिटल क्रांति में भारत की अग्रणी भूमिका का जिक्र कर प्रधानमंत्री मोदी ने यूपीआई ट्रांजैक्शन की असाधारण सफलता पर प्रकाश डालकर बताया कि आज देश में 2 लाख से अधिक स्टार्टअप सक्रिय हैं, जो नवाचार और रोजगार सृजन को गति दे रहे हैं। उन्होंने नीदरलैंड्स की ट्यूलिप के लिए विश्वव्यापी ख्याति का उदाहरण देकर भारत की पहचान कमल से जोड़ी, जो उसकी सांस्कृतिक जड़ों और मूल्यों को दर्शाता है। पीएम मोदी ने 16 मई के विशेष महत्व को भी याद किया, जब 2014 में लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे। उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल में दर्ज किए गए रिकॉर्ड मतदान का भी उल्लेख किया। आशीष दुबे / 16 मई 2026