क्षेत्रीय
16-May-2026


कृषि रथ विकासखंडों में जाकर किसानों को देगी कृषि योजनाओं की जानकारी नरसिंहपुर, (ईएमएस)। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण एवं जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद श्री चौधरी दर्शन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया, विधायक तेंदूखेड़ा श्री विश्वनाथ सिंह पटेल, विधायक गोटेगांव श्री महेन्द्र नागेश, श्री रामसनेही पाठक और कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने शनिवार को कलेक्टर कार्यालय नरसिंहपुर परिसर से किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत कृषि रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेंद्र नागेश, अन्य जनप्रतिनिधि, उपसंचालक कृषि श्री मोरिस नाथ, परियोजना संचालक आत्मा श्री आरपी झारिया, अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री अभिषेक दुबे, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, बीटीएम एटीएम एवं अन्य किसान मौजूद थे। जिले के विकासखंडों में कृषि रथ 25 मई 2026 तक भ्रमण कर किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं और नवीन तकनीकों की जानकारी प्रदान करेगा। इस दौरान कृषि विभाग के अधिकारी, वैज्ञानिक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों से अवगत कराएंगे। भ्रमण के दौरान किसानों को विशेष रूप से ई-विकास प्रणाली के अंतर्गत उर्वरक वितरण, नरवाई प्रबंधन, आगामी खरीफ फसल की बोनी की तैयारी, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा समन्वित खेती के विषय में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसानों की आय वृद्धि के लिए अपनाए जाने वाले उपायों पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा, सब्जियों एवं फसलों के क्षेत्र विस्तार, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, गाय-भैंस की उन्नत नस्लों के चयन एवं सुधार तथा पशुओं के टीकाकरण की आधुनिक तकनीकों की जानकारी भी किसानों को दी जाएगी। मेरावी/ ईएमएस / 16/05/2026