अलीगढ़ से निकलेगा ‘सत्यता का घोड़ा देशभर में होगी ज्ञान की परीक्षा अलीगढ़ (ईएमएस)। तहसील खैर क्षेत्र स्थित एदलपुर के ‘इच्छा पूर्ति धाम’ के संत जल्द ही एक अनोखी और चुनौतीपूर्ण यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। त्रेता युग में भगवान श्रीराम के अश्वमेध यज्ञ से प्रेरित होकर अब ‘सत्यता का घोड़ा’ पूरे देश के भ्रमण पर निकलेगा। संत का दावा है कि उन्होंने 11 हजार पन्नों का एक विशाल शास्त्र लिखा है, जिसमें जीवन, दर्शन और सत्य से जुड़े 11 कठिन प्रश्न शामिल हैं। उनका कहना है कि जो भी व्यक्ति इन सवालों का सही उत्तर देगा, उसे 51 लाख रुपये नकद इनाम दिया जाएगा। संत ने यह भी घोषणा की है कि यदि उनका ज्ञान असत्य साबित होता है, तो वे स्वयं अपने शास्त्र को आग के हवाले कर देंगे। यह यात्रा 28 नवंबर 2026 को शुरू होगी और 215 दिनों तक चलेगी। यात्रा के दौरान देशभर में 108 प्रमुख पड़ाव होंगे। पहला पड़ाव वृंदावन और दूसरा अयोध्या रहेगा, जबकि समापन 30 जून 2027 को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में होगा। संत का कहना है कि यदि कोई भी उनके प्रश्नों को चुनौती नहीं दे पाया, तभी इस शास्त्र को सार्वजनिक रूप से प्रकाशित किया जाएगा। ईएमएस/ धर्मेन्द्र राघव/ 15 मई 2026