नरसिंहपुर, (ईएमएस)। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी की अभिनव पहल पर जिला विकास सलाहकार समिति का गठन किया गया है। उक्त समिति के माध्यम से जिले के विकास से संबंधित सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे, जिससे जिले में विकास योजनाओं व कार्यों को गति दी जा सकेगी तथा समग्र विकास सुनिश्चित होगा। प्रभारी मंत्री श्री राजपूत शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। प्रभारी मंत्री श्री राजपूत ने आयोजित बैठक में गेहूं उपार्जन की समीक्षा करते हुए कहा कि गेहूं नरसिंहपुर जिले की प्रमुख फसल है और सभी किसानों का गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा तथा खरीदी प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में दीर्घकालीन विकास के लिए सभी से सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे, जिससे जिले में विकास योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर हो सके और विकास कार्यों को गति दी जा सके। जिले के परंपरागत कौशल को चिन्हित कर वोकल फॉर लोकल के सिद्धांत को दृष्टिगत रखते हुए जिले की समृद्धि का रोडमैप तैयार किया जाएगा तथा स्थानीय संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। जिले में शासकीय योजनाओं व कार्यों को बेहतर तरीके से लागू करने के लिए दिए गए सुझाव पर विचार किए जाएंगे और स्थानीय स्तर पर प्रचलित नवाचारों को भी प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। जिले में उद्योग, व्यापार, जल संरचनाओं के संरक्षण, निर्यात, कृषि, खनिज, पर्यावरण आदि क्षेत्रों में जिले की विकास योजनाओं के लिए सुनियोजित एवं समन्वित रूप से कार्य किए जाएंगे। आयोजित बैठक में जिला सलाहकार समिति के सदस्यों ने कहा कि जिले में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विस्तृत कार्य योजना बनाई जाए, जिससे जिले में होने वाले सड़क दुर्घटनाओं को प्रभावी रूप से रोका जा सके। उन्होंने सड़कों के निर्माण कार्य व मरम्मत का कार्य गुणवत्तापूर्वक करने तथा जिले में ओव्हर लोर्डिंग करने वाले वाहनों पर सख्त कार्यवाही करने की मांग की। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए सभी सड़कों को बेहतर बनाया जाए और आवश्यकतानुसार पुल-पुलियों का निर्माण किया जाए। नर्मदा परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए नर्मदा पथ का सुदृढ़ीकरण करने तथा सांकेतिक चिन्ह लगाने की मांग की गई, जिससे नर्मदा परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें सुगम मार्गदर्शन मिल सके। आयोजित बैठक में जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्यों ने जिले में चिकित्सा सुविधाओं तथा शैक्षणिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की बात कही, जिससे जिले के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले और विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार हो सके। बैठक में जिले के प्राकृतिक स्थल, धार्मिक स्थल, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहरों को संरक्षित करने की मांग की गई, जिससे जिले के इन प्रमुख स्थलों पर अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके और पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की गई घोषणाओं पर शीघ्रता से कार्य करने की मांग की गई। आयोजित बैठक में किसानों के हित में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ किसानों को तत्परता से दिलाने की बात कही गई। जिले में किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज का आवंटन हो, जिससे किसानों को निर्धारित समय में खाद और बीज उपलब्ध हो सके और कृषि कार्य प्रभावित न हो। बैठक में जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों की विस्तृत चर्चा की गई। जल संरक्षण के लिए जिले में बोरी बंधान और स्टाप डैमों का निर्माण करने को कहा गया तथा निस्तार हेतु जल सरोवरों का निर्माण एवं सिंचाई हेतु नहरों का विस्तार करने की बात कही गई। जिले में उपभोक्ताओं और किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में विद्युत उपलब्ध रहे, जिससे किसानों को खेतों में सिंचाई के लिए विद्युत की कमी का सामना न करना पड़े और उत्पादन में वृद्धि हो सके। आयोजित बैठक में जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्यों ने अवगत कराया कि जिला मुख्यालय नरसिंहपुर में रोजाना ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों लोगों का आना-जाना लगा रहता है। इसलिए जिला मुख्यालय में एक वृहद सुलभ काम्पलेक्स का निर्माण किया जाए, जिससे जिला मुख्यालय में आने वाले व्यक्ति इस सुलभ काम्पलेक्स की सुविधाओं का लाभ आसानी से उठा सकें। बैठक में स्पोट्स क्लब तैराकी प्रारंभ करने की मांग की गई तथा डाक घर में एक पासपोर्ट कार्यालय खोलने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई। प्रभारी मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार कर उन्हें अमल में लाया जाएगा, जिससे नरसिंहपुर जिले के विकास को नई दिशा, गति और सुदृढ़ आधार मिल सके। आयोजित बैठक में सांसद श्री चौधरी दर्शन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया, विधायक तेंदूखेड़ा श्री विश्वनाथ सिंह पटेल, विधायक गोटेगांव श्री महेन्द्र नागेश, श्री रामसनेही पाठक, महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप भूरिया सहित जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य एवं विभागीय अधिकारी मौजूद थे। मेरावी/ ईएमएस / 16/05/2026