राज्य
16-May-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान के मुख्य आतिथ्य में सब जेल देपालपुर में तहसील विधिक सेवा समिति द्वारा अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस पर एक विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में जिला न्यायाधीश ने बंदियों से कहा कि परिवार केवल रक्त संबंधों का समूह नहीं है, बल्कि प्रेम, विश्वास, धैर्य और अपनत्व की वह अमूल्य संस्था है जो कठिन परिस्थिति में भी हमें संभाले रखती है। गलतियां होती हैं, किन्तु वही महान बनता है जो गलतियों और भूलों से सीख लेता है। उन्होंने कहा यह समय निराश होने का नहीं, बल्कि आत्ममंथन, आत्मसुधार और नए संकल्प के साथ भविष्य निर्माण का अवसर है। माता-पिता की दुआएं, जीवनसाथी का विश्वास और बच्चों की प्यारी उम्मीदें व्यक्ति को पुनः सम्मानजनक जीवन की ओर अग्रसर करती हैं। उन्होंने बंदियों से आग्रह किया कि शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक सोच को अपनाएँ तथा रिहाई के पश्चात कानून का सम्मान कर जिम्मेदार नागरिक बनें। आनंद पुरोहित/ 16 मई 2026