क्षेत्रीय
16-May-2026
...


हरदा (ईएमएस)। - कृषक कल्याण वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में शनिवार को जिला हरदा में कृषि रथ अभियान का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही टिमरनी एवं खिरकिया विकासखंडों में भी तीन कृषि रथों का संचालन शुरू हुआ, जो आगामी 10 दिनों तक ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेंगे। जिले के कृषि रथ को जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शनसिंह गहलोत, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, उप संचालक कृषि जेएल कासदे, कृषि वैज्ञानिक डॉ. पुष्पा झरिया, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्यनारायण बांके एवं अन्य विभागीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उप संचालक कास्दे ने बताया कि कृषि रथ के माध्यम से जिले की ग्राम पंचायतों में पहुंचकर किसानों को ई-विकास प्रणाली से उर्वरक वितरण व एग्री स्टैक पर फार्मर आईडी बनाने, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, कीट एवं रोग प्रबंधन, नरवाई प्रबंधन, फसल विविधीकरण, कृषि को लाभकारी बनाने के उपाय व विभाग की जनकल्याणकारी योजनाएं, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना सहित शासन की अन्य योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कृषि रथ में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक तथा कृषि, आत्मा परियोजना, पशुपालन, उद्यानिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी प्रतिदिन मौजूद रहकर किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन देंगे। कृषि रथ रोजाना 3 से 4 ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर किसानों से सीधे संवाद कर उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों एवं योजनाओं से लाभान्वित करेगा। कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।