कल्याण, (ईएमएस)। मध्य रेलवे के कल्याण रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक जवान पर तीन लोगों द्वारा हमला किए जाने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इस घटना के बाद स्टेशन परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। ड्यूटी पर तैनात जवान पर हुए हमले ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले में रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, दादर-गोरखपुर एक्सप्रेस में कुछ लोगों द्वारा एक यात्री के साथ मारपीट किए जाने की सूचना आरपीएफ जवान नरेंद्र यादव को मिली थी। सूचना मिलते ही नरेंद्र यादव तुरंत संबंधित कोच में पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। उन्होंने मारपीट कर रहे तीनों युवकों को पूछताछ के लिए ट्रेन से उतरकर प्लेटफॉर्म पर आने को कहा। बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रेन कल्याण रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर पहुंची, तीनों आरोपियों ने अचानक आरपीएफ जवान नरेंद्र यादव पर हमला कर दिया। आरोपियों ने मिलकर जवान के साथ जमकर मारपीट की। घटना अचानक होने से प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में भय का माहौल पैदा हो गया और कुछ समय तक स्टेशन पर हड़कंप मचा रहा। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने हमला करने वाले तीनों आरोपियों अब्दुल शेख, सलमान शेख और सरकार शेख को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया। बाद में तीनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आधारवाड़ी जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हमले के पीछे की असली वजह क्या थी। इस घटना के बाद रेलवे स्टेशन परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यात्रियों के बीच चिंता बढ़ गई है। संतोष झा- १६ मई/२०२६/ईएमएस