राज्य
16-May-2026
...


:: शनिचरी अमावस्या पर यज्ञ-हवन में उमड़े श्रद्धालु, निपानिया क्षेत्र की मातृशक्तियों ने की पीपल पूजा :: इंदौर (ईएमएस)। तुलसी नगर स्थित सुप्रसिद्ध सरस्वती धाम शनि मंदिर में शनिवार को शनि जयंती का पर्व बेहद धूमधाम और आस्था के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर भगवान शनिदेव की शास्त्रोक्त विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विशेष संयोग और शनिचरी अमावस्या होने के कारण सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा। निपानिया क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों से आए श्रद्धालुओं और मातृशक्तियों ने भगवान शनिदेव के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की तथा परिसर में स्थित पीपल के वृक्ष पर जल अर्पित कर परिक्रमा की। महोत्सव के दौरान भगवान शनिदेव का दिव्य अभिषेक कर उन्हें पंचामृत स्नान कराया गया। इसके पश्चात आकर्षक श्रृंगार कर भगवान को महाप्रसादी के रूप में 56 भोग अर्पित किए गए। :: यज्ञ-हवन में दी जनकल्याण की आहुतियां :: शनि जयंती के मुख्य प्रसंग पर मंदिर परिसर में एक भव्य यज्ञ और हवन का आयोजन भी किया गया। वैदिक मंत्रोचार के बीच संपन्न हुए इस अनुष्ठान में तुलसी नगर और आसपास की कॉलोनियों के रहवासी बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए। श्रद्धालुओं ने आहुतियां डालकर समाज, प्रदेश और देश के कल्याण तथा शांति के लिए भगवान शनिदेव से प्रार्थना की। :: इंदौर का प्रमुख तीर्थ स्थल बनकर उभरा सरस्वती धाम :: उल्लेखनीय है कि तुलसी नगर का यह सरस्वती धाम परिसर, जहां ज्ञान की देवी मां सरस्वती, चंद्रमौलेश्वर महादेव, सिया-राम दरबार, पवनसुत हनुमान और न्याय के देवता शनि देव विराजमान हैं, हाल के वर्षों में इंदौर शहर का एक प्रमुख आस्था केंद्र और तीर्थ स्थल बनकर उभरा है। स्थानीय प्रबुद्धजनों के अनुसार, क्षेत्रीय विधायक महेंद्र हार्डिया और वार्ड पार्षद संगीता महेश जोशी के विशेष सहयोग व प्रयासों से इस परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए गए हैं। इन बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से अब यह धार्मिक स्थल दूर-दूर से आने वाले भक्तों के लिए और भी अधिक आकर्षक, सुगम और सुविधाजनक बन गया है। शनिचरी अमावस्या और शनि जयंती का यह संयुक्त उल्लास न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि इसने क्षेत्र में सामाजिक समरसता और एकजुटता की एक सुंदर झलक भी प्रस्तुत की। प्रकाश/16 मई 2026