* आत्मनिर्भर महिला उद्यमिता की सराहना करते हुए दिए 30 हजार रुपये का प्रोत्साहन चेक कोरबा (ईएमएस) सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का उड़नखटोला कोरबा जिले के सुदूर ग्राम लेमरू में उतरा,वे लखपति दीदी श्रीमती मंजू यादव के निवास पहुंचे जहा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने उनके घर के बाहर संचालित चाट-गुपचुप एवं मंचूरियन के ठेले पर पहुँचकर स्वाद का आनंद लिया और उनके आत्मनिर्भरता के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की। मुख्यमंत्री श्री साय के आगमन पर श्रीमती मंजू यादव ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री सीधे उनके ठेले तक पहुँचे, जहाँ उन्होंने तीखे-चटपटे गुपचुप का स्वाद लिया। पारंपरिक परसा के पत्तों से बने दोने में परोसे गए गुपचुप का आनंद लेते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने उनके परिश्रम, लगन और उद्यमशीलता की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने चर्चा के दौरान श्रीमती यादव से पूछा कि क्या गुपचुप घर में ही तैयार किए जाते हैं। इस पर उन्होंने बताया कि वे सभी सामग्री स्वयं घर पर तैयार करती हैं। मुख्यमंत्री ने उनके व्यवसाय और आय के संबंध में जानकारी ली, जिस पर श्रीमती यादव ने बताया कि ठेले के अतिरिक्त वे कैटरिंग प्लेट का कार्य भी करती हैं तथा प्रतिमाह लगभग 20 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर लेती हैं। मुख्यमंत्री ने गुपचुप के स्वाद की सराहना करते हुए उनके परिवार और पति के सहयोग के बारे में भी जानकारी ली। श्रीमती यादव ने बताया कि उनके पति धनपत यादव भी व्यवसाय में कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करते हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रीमती मंजू यादव को उनके व्यवसाय के विस्तार एवं प्रोत्साहन हेतु 30 हजार रुपये का प्रोत्साहन चेक भी प्रदान किया। इस दौरान वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। 16 मई / मित्तल