राज्य
16-May-2026


कल्याण, (ईएमएस)। मुंबई से सटे कल्याण में चोरी के एक बेहद चौंकाने वाले मामले का खुलासा हुआ है। कल्याण की महात्मा फुले पुलिस ने एक ऐसी चोरी की गैंग का पर्दाफाश किया है, जिसमें पिता ही अपने बच्चों को चोरी करने की ट्रेनिंग दे रहा था। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया है, जबकि तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह मामला कल्याण पश्चिम के मोहने इलाके का है, जहां एक बंद घर में चोरी की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस उपायुक्त अतुल झेंडे, सहायक पुलिस आयुक्त अशोक होनमाने और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बालकृष्ण परदेशी के मार्गदर्शन में पुलिस अधिकारी विकास मडके और उनकी टीम ने जांच करते हुए दो नाबालिगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की बात कबूल कर ली, जिसके बाद पूरी गैंग का खुलासा हुआ। पुलिस ने इस मामले में 19 वर्षीय कैलास भालेराव को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा कैलास के पिता विलास भालेराव और दूसरे नाबालिग आरोपी के पिता दीपक जाधव को भी गिरफ्तार किया गया है। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी कल्याण और आसपास के इलाकों में सफाई और मजदूरी का काम करते थे। इसी दौरान वे बंद घरों की रेकी करते और बाद में अपने बच्चों को चोरी करने भेजते थे। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए एक नाबालिग के खिलाफ पहले से ही 12 चोरी के मामले दर्ज हैं। चोरी के बाद बच्चे चोरी किए गए पैसों से मौज-मस्ती करते थे, जबकि गहने और कीमती सामान उनके पिता अपने पास रख लेते थे। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पिता बच्चों को घर में घुसने, चोरी करने और चोरी का सामान छिपाने तक की ट्रेनिंग देते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने और कितनी जगहों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। बहरहाल यह मामला इसलिए भी बेहद चिंताजनक माना जा रहा है क्योंकि जहां माता-पिता बच्चों को शिक्षा और अच्छे संस्कार देने की कोशिश करते हैं, वहीं कल्याण में पिता द्वारा बच्चों को अपराध की राह पर धकेलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। संतोष झा- १६ मई/२०२६/ईएमएस