क्षेत्रीय
16-May-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग बालाघाट की टीम ने शनिवार को कटंगी के गंज चौक स्थित चौपाटी क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। ग्रीष्मकालीन खाद्य एवं पेय पदार्थों की जांच के दौरान विभागीय टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए लस्सी, बादाम शेक, काजू शेक तथा पानीपुरी के पानी सहित कुल 7 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए। इन नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। कार्रवाई के दौरान टीम ने महावीर आइसक्रीम, भैरवनाथ आइसक्रीम एवं कुल्फी, जैन चाट भंडार तथा इंडियन चाट भंडार सहित अन्य दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की स्वच्छता, गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन भी परखा गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ग्रीष्म ऋतुु में ठंडे खाद्य एवं पेय पदार्थों का उपयोग बढ़ जाता है। ऐसे में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो, इसके लिए विभाग द्वारा जिले की विभिन्न तहसीलों में लगातार निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से स्वच्छता एवं गुणवत्ता मानकों का पालन करने की अपील भी की है। भानेश साकुरे / 16 मई 2026