क्षेत्रीय
16-May-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस) सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और दोपहिया चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से फिरोजाबाद पुलिस ने एक अनूठी पहल शुरू की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक राजेश गुनावत के नेतृत्व में जनपद में “हेलमेट बैंक” व्यवस्था की शुरुआत की गई है। शुक्रवार 16 मई 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक राजेश गुनावत ने जनपद के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में स्थापित हेलमेट बैंकों का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी यातायात तेजश त्रिपाठी, प्रभारी यातायात महेश कुमार और यातायात पुलिस टीम मौजूद रही। कैसे काम करेगी हेलमेट बैंक हेलमेट बैंक का मुख्य उद्देश्य उन दोपहिया चालकों की मदद करना है जो बिना हेलमेट यात्रा कर रहे हों। ऐसे चालकों से नाम, पता और मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद उन्हें अस्थायी रूप से हेलमेट दिया जाएगा। गंतव्य तक पहुंचने के बाद चालक अपना खुद का हेलमेट पहनकर बैंक से लिया गया हेलमेट वापस कर देंगे। इन 6 जगहों पर शुरू हुए हेलमेट बैंक 1. राजा का ताल पुलिस चौकी, थाना टूण्डला – 100 हेलमेट 2. थाना पचोखरा – 100 हेलमेट 3. संतजनू बाबा चौकी, थाना शिकोहाबाद – 100 हेलमेट 4. पाढ़म पुलिस चौकी, थाना जसराना – 100 हेलमेट 5. कठफोरी चौकी, थाना सिरसागंज – 100 हेलमेट 6. थाना नसीरपुर – 100 हेलमेट पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं। साथ ही, जो नागरिक इस जनहितकारी पहल में सहयोग करना चाहते हैं, वे इन हेलमेट बैंकों पर संपर्क कर हेलमेट दान कर सकते हैं। यातायात पुलिस का कहना है कि यह पहल सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में हेलमेट पहनने की आदत विकसित करने में मददगार साबित होगी। ए. शर्मा/ईएमएस फिरोजाबाद