फिरोजाबाद(ईएमएस) फिरोजाबाद में एकतरफा प्यार में पागल एक युवक शुक्रवार को हाईवे किनारे टूण्डला के गांधी पुरम कॉलोनी के पीछे स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक टावर पर चढ़कर शोले फिल्म के अंदाज में प्रेमिका से शादी की मांग करते हुए हंगामा करता रहा। जानकारी के मुताबिक, मोहम्मदाबाद गांव का रहने वाला अंकित नाम का युवक अपनी प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से नाराज था। प्रेमिका की शादी की खबर मिलते ही वह टावर पर चढ़ गया और धमकी दी कि अगर शादी नहीं हुई तो वह कूद जाएगा। उसने कहा कि प्रेमिका की आशिकी का भूत उसके सिर पर सवार है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी देर तक युवक को समझाने की कोशिश की। आखिरकार पुलिस की समझाइश के बाद अंकित को टावर से सकुशल नीचे उतार लिया गया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा। ए. शर्मा/ईएमएस फिरोजाबाद