बालाघाट (ईएमएस). जिले में बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से एक नई पहल शुरू की गई है। कलेक्टर मृणाल मीना एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक सराफ के मार्गदर्शन में ओपनलिंक्स फाउंडेशन द्वारा एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु तकनीकी एवं शैक्षणिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इस पहल के अंतर्गत विनोबा ऐप को एक तकनीकी उपकरण के रूप में उपयोग किया जा रहा है, जिससे शैक्षणिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख बनाया जा सके। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह ऐप विद्यार्थियों के सीखने के स्तर की निगरानी, मूल्यांकन तथा शिक्षकों के कार्य प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को पहचान एवं सम्मान भी प्रदान किया जाएगा। इससे शिक्षकों में कार्य के प्रति उत्साह, प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक प्रेरणा का वातावरण तैयार होगा। इसी क्रम में 14 एवं 15 मई 2026 को जिले के सभी 10 विकासखंडों में विनोबा कार्यक्रम एवं ओएमआर प्रक्रिया पर दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में कुल 2,120 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 1,869 शिक्षक एवं 107 प्रधानाध्यापक शामिल रहे। ओरिएंटेशन कार्यक्रम का संचालन ओपनलिंक्स फाउंडेशन के 10 फैसिलिटेटर्स द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डीपीसी, एपीसी तथा सभी बीआरसी एवं सीआरसी टीमों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस पहल से जिले में एफएलएन कार्यक्रम को नई गति मिलेगी तथा प्रारंभिक कक्षाओं के विद्यार्थियों में पढऩे, लिखने और गणना संबंधी क्षमताओं में अपेक्षित सुधार देखने को मिलेगा। भानेश साकुरे / 16 मई 2026