पदयात्रा और स्वागत से गूंजा बालाघाट, भाजयुमो नेताओं ने दिखाई ताकत श्याम टेलर के आगमन पर शहर सजा, दावेदारों ने झोंकी पूरी ताकत जगह-जगह हुआ स्वागत, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह बालाघाट (ईएमएस). भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के शनिवार को बालाघाट आगमन पर भाजपा व भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल नेताओं ने भी शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर शनिवार की शाम करीब 7 बजे बालाघाट पहुंचे, जहां भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका जगह-जगह आत्मीय स्वागत किया। उनके आगमन को लेकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर खासा उत्साह देखने को मिला। प्रदेश अध्यक्ष जय स्तंभ चौक से वाहन द्वारा काली पुतली चौक पहुंचे, जहां से उन्होंने पदयात्रा प्रारंभ की। पदयात्रा के दौरान वे हनुमान मंदिर पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे आंबेडकर चौक होते हुए भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे। स्वागत के बहाने किया दिखाई अपनी ताकत इस दौरान भाजयुमो जिला अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल दावेदारों ने जय स्तंभ चौक, काली पुतली चौक एवं आंबेडकर चौक पर जोरदार स्वागत कर शक्ति प्रदर्शन किया। जगह-जगह बैनर, पोस्टर और समर्थकों की भीड़ ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन के स्वागत के बहाने जिला अध्यक्ष के दावेदारों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन कर अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। पीएम मोदी के संकल्प को करना है पूरा-टेलर आंबेडकर चौक में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने कहा कि बालाघाट में कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर ईंधन की बचत के उद्देश्य से पदयात्रा कर संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का जो संकल्प लिया है, उसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए युवाओं को आगे आना होगा। भानेश साकुरे / 16 मई 2026