विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप बालाघाट (ईएमएस). नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर बढ़ते आक्रोश के बीच शनिवार को बालाघाट में कांग्रेसियों ने मशाल रैली निकालकर विरोध दर्ज कराया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शनिवार को नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण के विरोध में कांग्रेसियों ने मशाल रैली निकाली। यह रैली कांग्रेस कार्यालय से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई हनुमान चौक पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशाल लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ी को लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष व बैहर विधायक संजय उइके, बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे सहित अन्य पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसी घटनाएं शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं और इससे विद्यार्थियों का भरोसा टूट रहा है। लाखों विद्यार्थी दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन इस तरह की भ्रष्ट नीतियों के चलते छात्रों का मनोबल गिरता है। पूर्व में भी व्यापम घोटाला, पटवारी चयन परीक्षा में गड़बड़ी अब नीट का पेपर लीक होना इस तरह की लापरवाही व गलत नीतियों से युवाओं में केन्द्र सरकार के प्रति भारी आक्रोश है। सरकार युवाओं को सुरक्षित व पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था देने में असफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि शीघ्र मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर इसमें शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाए। इतनी महत्वपूर्ण परीक्षा के पेपर लीक होने व परीक्षा रदद् होने से लाखों गरीब माता-पिता के सपने चूर होने व छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होने के लिए सरकार और उनकी नीति दोषी है। इसके अलावा उन्होंने अनेक बातें कही। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता मौजूद रहे, प्रदर्शन किया और छात्रों के समर्थन में आवाज बुलंद की। भानेश साकुरे / 16 मई 2026