क्षेत्रीय
16-May-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। 16 मई को नायब तहसीलदार एवं खनि निरीक्षक, जिला बालाघाट द्वारा संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई करते हुए तहसील बालाघाट अंतर्गत ग्राम खैरी में अवैध रूप से भंडारित खनिज रेत के बड़े भंडारण का मामला सामने आया। उप संचालक खनिज फरहत जहां ने बताया कि संयुक्त जांच दल द्वारा मौके पर निरीक्षण करने पर लगभग 350 ट्रॉली खनिज रेत लावारिश हालत में पाई गई। टीम ने तत्काल मौके की जांच कर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की। पूछताछ के दौरान ग्राम पंचायत खैरी के सरपंच द्वारा बताया गया कि उक्त खनिज रेत पूर्व से ही जप्त की गई थी तथा वर्तमान में उनकी सुपुर्दगी में रखी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायत खैरी के सरपंच को निर्देशित किया गया कि सुपुर्दगी में रखी गई उक्त जप्त खनिज रेत की आगामी आदेश तक सुरक्षित देखरेख सुनिश्चित की जाए तथा बिना अनुमति किसी प्रकार का परिवहन अथवा उपयोग न होने दिया जाए। खनिज विभाग एवं राजस्व विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त लोगों में हडक़ंप की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध आगे भी लगातार सघन अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी। भानेश साकुरे / 16 मई 2026