बालाघाट (ईएमएस). उप संचालक कृषि फूलसिंह मालवीय ने 16 मई को कटंगी में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं विकासखंड के सभी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं कृषि गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में खरीफ सीजन की तैयारियों, किसानों को आवश्यक कृषि संसाधन उपलब्ध कराने तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान उप संचालक कृषि मालवीय ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी उपस्थिति नियमित रूप से सार्थक एप्प के माध्यम से दर्ज करें तथा फील्ड स्तर पर सक्रिय रहकर किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने के लिए डिजिटल उपस्थिति व्यवस्था का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने खरीफ फसल सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही ई-विकास पोर्टल के माध्यम से उर्वरकों का वितरण सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अग्रिम तैयारी की जाए। बैठक में पराली प्रबंधन को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को फसल अवशेष जलाने से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के प्रति जागरूक करें तथा वैकल्पिक उपायों को अपनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि पराली प्रबंधन के प्रभावी क्रियान्वयन से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। उप संचालक कृषि ने अधिकारियों से कहा कि जिले में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाए। किसानों को रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले नुकसान की जानकारी देकर प्राकृतिक खेती के लाभों से अवगत कराया जाए। बैठक में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की गई तथा अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे गांव-गांव पहुंचकर किसानों से संवाद स्थापित करें और शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। भानेश साकुरे / 16 मई 2026