बालाघाट (ईएमएस). राष्ट्रीय डेंगु दिवस 16 मई के अवसर पर जिला मुख्यालय में डेंगु नियंत्रण, रोकथाम एवं जनजागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. मनीषा जुनेजा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एमआई, एमटीएस, लैब टेक्नीशियन तथा जिला मुख्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान डेंगु एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए शपथ ग्रहण कराया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में जनजागरूकता फैलाने तथा डेंगु नियंत्रण संबंधी गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर राज्य शासन द्वारा आयोजित वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को डेंगु, मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए सतत निगरानी, स्वच्छता अभियान एवं जनजागरूकता गतिविधियों को प्राथमिकता देने के निर्देश प्राप्त हुए। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. मनीषा जुनेजा ने जिले के समस्त एमआई एवं एमटीएस की बैठक लेकर डेंगु एवं मलेरिया नियंत्रण संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि संभावित प्रभावित क्षेत्रों में नियमित सर्वे, लार्वा जांच, फॉगिंग एवं जागरूकता अभियान संचालित किए जाएं, ताकि बीमारी के प्रसार को समय रहते नियंत्रित किया जा सके। भानेश साकुरे / 16 मई 2026