बालाघाट (ईएमएस). एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बैहर में शुक्रवार को कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं की एमपी और सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान समारोह एवं विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं प्रभारी परियोजना प्रशासक आईटीडीपी बैहर अर्पित गुप्ता ने की, जबकि अनुविभागीय अधिकारी राजस्व परसवाड़ा श्रीष प्यासी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम अर्पित गुप्ता द्वारा विद्यार्थियों को भविष्य निर्माण एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर प्रेरणादायक मार्गदर्शन देकर किया गया। इस दौरान विकासखंड बैहर, बिरसा एवं परसवाड़ा के कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों की विस्तृत समीक्षा की गई। विद्यालयवार परीक्षा परिणामों का अवलोकन करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार एवं बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने अपने भविष्य, कैरियर एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। विद्यार्थियों ने विशेष रूप से पीएससी, यूपीएससी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर जिज्ञासाएं रखीं, जिन पर मंचासीन अतिथियों ने उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर बैहर, बिरसा एवं परसवाड़ा विकासखंड की विभिन्न संस्थाओं में कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले 265 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। बैठक में प्राचार्यों एवं अधिकारियों ने 12 वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के कैरियर मार्गदर्शन एवं बेहतर परीक्षा परिणामों के लिए आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की। भानेश साकुरे / 16 मई 2026