ज़रा हटके
17-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। कई माता-पिता इस बात को लेकर परेशान रहते हैं कि उनका बच्चा ठीक से भोजन नहीं करता, जिससे उसे जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते। इस बारे में हैल्थ विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़े धैर्य और सही तरीके अपनाकर इस समस्या को काफी हद तक दूर किया जा सकता है। यूनिसेफ के अनुसार छोटे बच्चों की पसंद और स्वाद समय-समय पर बदलते रहते हैं। यही कारण है कि वे कई बार किसी नए खाने को तुरंत स्वीकार नहीं करते। विशेषज्ञ मानते हैं कि किसी नए खाद्य पदार्थ को पसंद करने में बच्चे को कई बार उसे चखने की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में माता-पिता को हार मानने के बजाय बच्चे को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बार-बार वही चीज देने की कोशिश करनी चाहिए। जिस चीज को बच्चा पसंद नहीं करता, उसे उसकी मनपसंद चीजों के साथ मिलाकर देना भी फायदेमंद हो सकता है। विशेषज्ञ बच्चों के भोजन में विविधता शामिल करने की सलाह देते हैं। बच्चों को रोजाना फल, हरी सब्जियां, अनाज, दालें, दूध से बने उत्पाद, मेवे और बीज जैसी पौष्टिक चीजें खिलानी चाहिए। अलग-अलग रंग, स्वाद और बनावट वाला भोजन बच्चों को आकर्षित करता है। एक ही सब्जी को अलग-अलग तरीके से बनाकर देना भी उपयोगी हो सकता है, जैसे कच्चा सलाद या हल्का पका हुआ रूप। बच्चों को भोजन तैयार करने की प्रक्रिया में शामिल करना भी उनकी रुचि बढ़ाने का अच्छा तरीका माना जाता है। माता-पिता बच्चों को बाजार ले जाकर फल और सब्जियां चुनने दें या घर में छोटे-छोटे काम जैसे प्लेट सजाने और सामग्री मिलाने में मदद लेने की आदत डालें। जब बच्चा खुद भोजन तैयार करने में शामिल होता है तो वह उसे खाने में अधिक दिलचस्पी दिखाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों को खाने के लिए जबरदस्ती नहीं करनी चाहिए। यदि बच्चा कम खा रहा है लेकिन सक्रिय है, स्वस्थ है और उसका वजन सामान्य रूप से बढ़ रहा है तो अधिक चिंता करने की जरूरत नहीं होती। बच्चों को उनकी भूख और तृप्ति के संकेत समझने देना भी जरूरी है। सुदामा/ईएमएस 17 मई 2026