मुंबई (ईएमएस)। अभिनेत्री मौनी रॉय के अपने पति सूरज नांबियार से रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं और कई प्लेटफॉर्म्स पर उनके संबंधों को लेकर अटकलें लगाई जाने लगीं। अभिनेत्री मौनी रॉय ने आखिरकार अपने तलाक की खबरों पर चुप्पी तोड़ दी है। अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए मौनी रॉय ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट साझा करते हुए मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की कि वे उनकी निजी जिंदगी को लेकर गलत खबरें फैलाना बंद करें। मौनी ने लिखा कि वह सभी मीडिया संस्थानों से हाथ जोड़कर अनुरोध करती हैं कि बिना पुष्टि की झूठी कहानियां प्रकाशित न करें और उन्हें थोड़ा स्पेस और प्राइवेसी दी जाए। उनके इस बयान के बाद साफ माना जा रहा है कि अभिनेत्री इन अफवाहों से परेशान हैं और उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से तलाक की खबरों को खारिज कर दिया है। तलाक की चर्चाओं के बीच एक और दावा सामने आया था कि मौनी की करीबी दोस्त दिशा पाटनी ने भी सूरज नांबियार को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया है। इसके बाद यह भी खबर आई कि सूरज ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डीएक्टिवेट कर लिया। इन घटनाओं ने अफवाहों को और हवा दे दी, हालांकि अब तक दोनों की तरफ से रिश्ते में किसी तरह की अनबन की पुष्टि नहीं की गई है। मौनी रॉय और सूरज नांबियार की शादी 27 जनवरी 2022 को हुई थी। दोनों ने बंगाली और मलयाली रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह किया था। शादी की तस्वीरें साझा करते हुए मौनी ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट भी लिखा था, जिसमें उन्होंने अपने रिश्ते को लेकर खुशी जाहिर की थी। शादी के बाद से दोनों अक्सर छुट्टियों और खास मौकों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते रहे हैं। सूरज नांबियार दुबई में रहने वाले बिजनेसमैन और इन्वेस्टमेंट बैंकर हैं। सुदामा/ईएमएस 17 मई 2026