मुंबई (ईएमएस)। मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बना रहीं अभिनेत्री पलक तिवारी ने हाल ही में अपनी मां और टीवी इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री श्वेता तिवारी के साथ अपने रिश्ते और करियर को लेकर खुलकर बातचीत की। पलक तिवारी इन दिनों अपनी वेब सीरीज लुक्खे को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। पलक ने बताया कि उनकी मां ने कभी भी उनके पेशेवर फैसलों में दखल नहीं दिया और हमेशा उन्हें अपनी सोच के अनुसार आगे बढ़ने की पूरी आजादी दी। पलक तिवारी ने कहा कि उनकी और उनकी मां की जिंदगी के अनुभव काफी अलग रहे हैं, इसलिए दोनों का नजरिया भी अलग है। उनके मुताबिक हर कलाकार का सफर अलग होता है और वही अनुभव उसके फैसलों को प्रभावित करते हैं। पलक ने बताया कि जिस दौर में श्वेता तिवारी ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी, वह आज के समय से काफी अलग था। ऐसे में दोनों की सोच, काम करने का तरीका और कहानियों को समझने का नजरिया भी स्वाभाविक रूप से अलग है। उन्होंने कहा कि उनकी मां हमेशा उनका मार्गदर्शन जरूर करती हैं, लेकिन कभी किसी फैसले को लेकर दबाव नहीं बनातीं। पलक के अनुसार, श्वेता तिवारी चाहती हैं कि वह अपने करियर से जुड़े फैसले खुद लें और अपनी पसंद के अनुसार आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि उनकी मां का मानना है कि किसी भी कलाकार को वही काम करना चाहिए जिससे वह भावनात्मक रूप से जुड़ाव महसूस करे, क्योंकि अभिनय सिर्फ एक पेशा नहीं बल्कि भावनाओं से जुड़ी कला है। पलक ने बातचीत के दौरान यह भी बताया कि उनकी मां अक्सर उनसे पूछती हैं कि जो प्रोजेक्ट वह चुन रही हैं, क्या वह वास्तव में उन्हें पसंद है या नहीं। उन्होंने कहा कि श्वेता तिवारी कभी किसी फिल्म, शो या किरदार को करने के लिए मजबूर नहीं करतीं। वह सिर्फ यह समझने की कोशिश करती हैं कि वह काम पलक के लिए सही है या नहीं और उससे उन्हें संतुष्टि मिलेगी या नहीं। अभिनेत्री ने आगे कहा कि उनकी मां हमेशा उन्हें दिल की आवाज सुनने की सलाह देती हैं। पलक के मुताबिक अगर किसी कलाकार को कहानी या किरदार भीतर से महसूस नहीं होता, तो अभिनय केवल औपचारिकता बनकर रह जाता है। अभिनय का असली आनंद तभी आता है जब कलाकार अपने किरदार से भावनात्मक रूप से जुड़ जाए। सुदामा/ईएमएस 17 मई 2026