मुंबई (ईएमएस)। अपने करियर और अभिनय को लेकर बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला ने नया नजरिया अपनाने की बात कही है। उर्वशी रौतेला ने बताया कि उनके लिए सिर्फ स्क्रीन पर दिखना या लोगों से तारीफ पाना मायने नहीं रखता, बल्कि वह ऐसे प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनना चाहती हैं जिनमें गहराई, भावनाएं और कोई सार्थक संदेश हो। एक्ट्रेस का कहना है कि समय के साथ उन्होंने समझा है कि कलाकार की असली पहचान उसके काम की सच्चाई और दर्शकों से उसके भावनात्मक जुड़ाव से बनती है। उर्वशी ने कहा कि करियर की शुरुआत में हर कलाकार चाहता है कि उसे पहचान मिले और लोग उसे नोटिस करें, लेकिन केवल लोकप्रियता ही सफलता नहीं होती। उनके मुताबिक अगर किसी कहानी या किरदार में सच्चाई और भावना नहीं होगी तो वह लंबे समय तक लोगों के दिलों में जगह नहीं बना पाएगा। अभिनेत्री ने कहा कि अब वह सिर्फ दिखावे या ग्लैमर के लिए काम नहीं करना चाहतीं, बल्कि ऐसी फिल्मों और कहानियों का हिस्सा बनना चाहती हैं जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर करें और समाज में जागरूकता पैदा करें। गौरतलब है कि उर्वशी रौतेला ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत साल 2013 में आई फिल्म सिंह साहब द ग्रेट से की थी, जिसमें उनके साथ अभिनेता सनी देओल नजर आए थे। इस फिल्म ने उन्हें बॉलीवुड में पहचान दिलाई और इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं। अब वह अपनी आगामी वेब सीरीज इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2 को लेकर चर्चा में हैं। इस सीरीज में उर्वशी पूनम मिश्रा नाम का किरदार निभा रही हैं। अपने रोल के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार उनका किरदार केवल एक सहायक पत्नी का नहीं है, बल्कि ऐसा इंसान है जो भीतर ही भीतर कई संघर्षों से गुजर रहा है। अभिनेत्री के अनुसार, इस किरदार की सबसे बड़ी खासियत उसका ‘साइलेंस में सर्वाइवल’ यानी चुप्पी के भीतर छिपा संघर्ष है। वह बिना शोर किए और बिना अपनी भावनाओं को खुलकर जाहिर किए परिस्थितियों से लड़ती रहती है। उर्वशी ने कहा कि क्राइम ड्रामा में लोग अक्सर सिर्फ हिंसा और एक्शन देखते हैं, लेकिन असली कहानी उसके पीछे छिपे डर, अकेलेपन और मानसिक संघर्ष की होती है। उनके मुताबिक उनका किरदार बाहरी दुनिया से ज्यादा अपने भीतर के डर और भावनात्मक संघर्ष से जूझता नजर आएगा। सुदामा/ईएमएस 17 मई 2026