राज्य
17-May-2026
...


* पति की लंबी उम्र के लिए सुहागिनों ने रखा निर्जला उपवास कोरबा (ईएमएस) सुहागिन महिलाओं के अखंड सौभाग्य और पति की लंबी उम्र की कामना का पर्व वट सावित्री व्रत शनिवार को मनाया गया। महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर वट वृक्ष की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करी। व्रत को लेकर शहर के मंदिरों और वट वृक्षों के आसपास तैयारियां शुरू हो गई थी। वहीं पूजा सामग्री, फल, श्रृंगार और पूजन थाली की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ देखने को मिली। बाजार में सुबह से ही बांस की टोकरी, परसा पत्ते के दोने, पूजन सामग्री, लाल-पीली चुनरी, धागा और मिट्टी के बर्तनों सहित मौसमी फलों की खरीदारी होती रही। धार्मिक मान्यता के अनुसार वट सावित्री व्रत में महिलाएं वट वृक्ष के नीचे विधि-विधान से पूजा कर उसकी परिक्रमा करती हैं और धागा बांधती हैं। यह व्रत माता सावित्री द्वारा अपने पति सत्यवान के प्राण यमराज से वापस लाने की कथा से जुड़ा है। इसी कारण इसे अखंड सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। महिलाओं ने सुबह स्नान के बाद व्रत रखकर पूजा-अर्चना की और कथा श्रवण किया। कई स्थानों पर सामूहिक पूजा का आयोजन भी किया गया। महिलाओं ने वट वृक्ष के नीचे बैठकर कथा सुनी। पूजा-अर्चना के बाद पति का पूजन कर प्रसाद ग्रहण किया। 17 मई / मित्तल