व्यापार
17-May-2026


- 2026 की पहली तिमाही में 96 हजार इकाइयां बिकीं, सस्ती आपूर्ति का अभाव भी कारण नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत के आठ प्रमुख शहरों में 2026 की पहली तिमाही (जनवरी-मार्च) के दौरान मकानों की बिक्री सालाना आधार पर दो प्रतिशत घटकर लगभग 96 हजार इकाई रह गई है। मांग में नरमी और सस्ते घरों की नई आपूर्ति कम रहने से बिक्री प्रभावित हुई है। यह जानकारी एक रियल एस्टेट परामर्श कंपनी ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली-एनसीआर, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई महानगर क्षेत्र और पुणे जैसे आठ शहरों में कुल 95,973 आवासीय संपत्तियां बिकीं, जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह आंकड़ा 98,095 इकाई था। इस दौरान मकानों की नई आपूर्ति भी 93,065 इकाई पर लगभग स्थिर रही। ‎रिपोर्ट में बताया गया है कि भारतीय आवास बाजार अब वास्तविक मांग, नियंत्रित भंडार और खरीदारों के भरोसे पर आधारित एक संतुलित दौर में है। शहरों के प्रदर्शन की बात करें तो बेंगलुरु ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया, जहां बिक्री 33 प्रतिशत बढ़कर 15,603 इकाई हो गई। चेन्नई में भी बिक्री बढ़कर 6,841 इकाई और हैदराबाद में 25 प्रतिशत बढ़कर 13,297 इकाई रही। दिल्ली-एनसीआर में आवासीय संपत्तियों की बिक्री में 11 प्रतिशत का उछाल देखा गया। हालांकि, मुंबई महानगर क्षेत्र में बिक्री 15 प्रतिशत घटकर 26,116 इकाई, पुणे में 21 प्रतिशत घटकर 13,565 इकाई और कोलकाता में 24 प्रतिशत घटकर 2,883 इकाई रह गई। सतीश मोरे/17मई ---