व्यापार
17-May-2026


- लाभप्रदता बढ़ाने और संचालन सुव्यवस्थित करने की रणनीति; स्टोर कर्मचारी अप्रभावित मुंबई (ईएमएस)। कॉफी दिग्गज स्टारबक्स ने अमेरिका में 300 कॉर्पोरेट कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा की है। यह कंपनी द्वारा अटलांटा, बरबैंक और शिकागो सहित कई शहरों में अपने लोकल सपोर्ट ऑफिस बंद करने के साथ-साथ कारोबार को मुनाफे की राह पर लाने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ये छंटनी सिर्फ कॉर्पोरेट भूमिकाओं तक सीमित हैं और इसका असर उसके कॉफीहाउस या स्टोर कर्मचारियों पर नहीं पड़ेगा। यह कदम स्टारबक्स की बैक टू स्टारबक्स रणनीति के तहत उठाया गया है, जिसका उद्देश्य विभिन्न विभागों की समीक्षा कर कामकाज को सरल बनाना, लागत कम करना और परिचालन क्षमता बढ़ाना है। कंपनी के एक व‎रिष्ठ अ‎धिकारी के नेतृत्व में यह छंटनी का तीसरा दौर है। इससे पहले कंपनी फरवरी 2025 में 1,100 नौकरियों में कटौती कर चुकी है, जिसके बाद 900 नॉन-रिटेल पद और खत्म किए गए थे। बढ़ती प्रतिस्पर्धा और ग्राहकों की बदलती खर्च प्राथमिकताओं के कारण बिक्री में गिरावट का सामना कर रही स्टारबक्स इस पुनर्गठन पर करीब 400 मिलियन डॉलर खर्च करेगी। कंपनी अपने कैफे संचालन में सुधार, नए मेन्यू आइटम और स्टोर्स में अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति जैसे कदमों के जरिए कारोबार को मजबूत करने पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है। सतीश मोरे/17मई ---