- चार बिजली कर्मी गंभीर रूप से झुलसे, एक गोरखपुर रेफर महराजगंज (ईएमएस)। जिला मुख्यालय स्थित पावर स्टेशन पर देर रात फाल्ट ठीक करने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। बिजली गुल होने के बाद कर्मचारी 33 हजार केवीए विद्युत लाइन की तकनीकी खराबी को दुरुस्त कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आने से चार विद्युत कर्मी सोनू, गोरख, प्रदीप और संपूर्णानंद गंभीर रूप से झुलस गए। करंट लगते ही पावर स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और घटना की सूचना विभागीय अधिकारियों को दी। सभी घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। घायल कर्मचारी सोनू की हालत बेहद गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया, जबकि गोरख, प्रदीप और संपूर्णानंद का इलाज जिला अस्पताल में ही चल रहा है। इस हादसे के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, जिससे कई इलाकों में देर रात तक अंधेरा पसरा रहा और उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अवर अभियंता संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि फाल्ट ठीक करने के दौरान यह हादसा हुआ है, फिलहाल सभी घायल कर्मचारी खतरे से बाहर हैं और उनका उचित उपचार कराया जा रहा है। रामयश/ईएमएस 17 मई 2026