- शादी से इनकार पर नाबालिग के दोनों स्तन काटे, पेड़ से बांधकर पीटा - पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप हरदोई (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक रूहं कांपने वाली बर्बरता का मामला सामने आया है। यहाँ बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गाँव में एकतरफा प्यार में पागल 24 वर्षीय सिरफिरे युवक ने शादी से इनकार करने पर 17 साल की नाबालिग लड़की पर हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि युवक ने लड़की को अगवा कर एक सुनसान जगह पर पेड़ से बांध दिया और बेरहमी से मारपीट की। जब लड़की ने रिश्ते का हवाला देकर शादी से मना किया, तो आरोपी ने दांतों से काटकर उसके स्तनों के निप्पल अलग कर दिए और उसे अधमरा छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता दिल्ली में रहकर बैग बनाने का काम करती है और हाल ही में अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने गाँव आई थी। घटना 11 मई की रात करीब 11:15 बजे की है, जब पीड़िता अपने घर की ओर जा रही थी। तभी गाँव के ही रहने वाले अतुल नामक युवक ने उसका मुँह दबाकर उसे अगवा कर लिया। आरोपी रिश्ते में लड़की का दूर का भाई लगता है और वह अतुल डीजे नाम से काम करता है। बेहोशी की हालत से जागने के बाद पीड़िता किसी तरह बंधन मुक्त होकर अपने घर पहुँची और परिजनों को आपबीती सुनाई। पीड़िता की माँ का आरोप है कि वे न्याय के लिए रातभर अलग-अलग पुलिस चौकियों के चक्कर काटते रहे, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत नहीं सुनी। बाद में जब वे गंभीर हालत में बेनीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुँचे, तब डॉक्टरों की सूचना पर पुलिस हरकत में आई। पीड़िता के परिवार का आरोप है कि पुलिस ने उनकी निरक्षरता का फायदा उठाते हुए गंभीर धाराओं के बजाय केवल साधारण मारपीट का मामला दर्ज किया। हालांकि, मामला मीडिया में आने और विवाद बढ़ने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ है। बेनीगंज कोतवाली प्रभारी सतीश चंद्र के अनुसार, एफआईआर दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है। मुख्य आरोपी अतुल को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। रामयश/ईएमएस 17 मई 2026