- कृषि मंत्री का निर्देश— सेना की तरह काम करें अधिकारी - कम बारिश की आशंका के बीच खरीफ कंटीजेंसी प्लान तैयार - 20 और 22 मई को लगेंगे विशेष मेले रांची (ईएमएस)। झारखंड में इस वर्ष सामान्य से कम बारिश और संभावित सूखे की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद कृषि विभाग ने किसानों को राहत देने, वैकल्पिक खेती को बढ़ावा देने और समय पर कृषि संसाधन उपलब्ध कराने के लिए जिलावार आकस्मिक कार्ययोजना (कंटीजेंसी प्लान) तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी रणनीति के तहत सरकार ने आगामी 20 मई को जिला स्तर पर और 22 मई को प्रखंड स्तर पर व्यापक खरीफ मेला आयोजित करने का निर्णय लिया है। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अधिकारियों को दो-टूक निर्देश दिया है कि मानसून के कमजोर रहने की आशंका को देखते हुए सभी विभाग सेना की तरह मुस्तैद होकर आपसी समन्वय के साथ काम करें ताकि किसानों को कम से कम नुकसान हो। कृषि मंत्री ने सभी जिला कृषि पदाधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष तैयारी करने को कहा है। सरकार इस बार कम पानी में तैयार होने वाली फसलों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दे रही है। इसके तहत ऊंची जमीन वाले इलाकों में मक्का, रागी, उड़द, मूंग, अरहर और सोयाबीन जैसी फसलों की खेती पर जोर दिया जा रहा है, साथ ही कम समय में तैयार होने वाली धान की किस्मों के बीज उपलब्ध कराने की तैयारी भी की जा रही है। जिला स्तरीय मेले में 500 प्रगतिशील किसानों तथा प्रखंड स्तरीय मेले में प्रत्येक पंचायत से 50 किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, जहां उन्हें मृदा जांच, उन्नत बीज वितरण, आधुनिक सिंचाई तकनीक और सरकारी योजनाओं की सीधी जानकारी मिलेगी। इसके अतिरिक्त, जल संरक्षण को मजबूत करने के लिए कृषि मंत्री ने मई के अंत तक राज्य के सभी तालाबों के जीर्णोद्धार का कार्य हर हाल में पूरा करने का आदेश दिया है। सोलर पंप, ड्रिप इरीगेशन और पशुओं के लिए आवश्यक दवाओं के समय पर वितरण हेतु निविदा प्रक्रिया को भी जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि झारखंड राज्य फसल राहत योजना के माध्यम से रैयत (जमीन मालिक) और भूमिहीन दोनों ही प्रकार के किसानों को फसल नुकसान की स्थिति में उचित मुआवजा देने के लिए वित्तीय व प्रशासनिक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। रामयश/ईएमएस 17 मई 2026