राज्य
17-May-2026


- भ्रष्टाचार की शिकायत पर दो पुलिस अधिकारी निलंबित - हेल्पलाइन नंबर पर आई शिकायत और गिर गई गाज कुशीनगर (ईएमएस)। शराब की दुकानों से कथित रूप से अवैध वसूली और मासिक रकम (महीना) मांगने के गंभीर आरोप में तरयासुजान के प्रभारी निरीक्षक रामसहाय चौहान और बहादुरपुर चौकी के प्रभारी विक्रम अजीत प्रताप राय को पुलिस अधीक्षक (एसपी) केशव कुमार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसपी की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। दरअसल, तरयासुजान थाना क्षेत्र में अंग्रेजी शराब की दुकान चलाने वाले एक संचालक ने पुलिसकर्मियों द्वारा की जा रही अवैध धन की मांग से परेशान होकर एसपी द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उक्त पुलिस अधिकारी दुकान सुचारू रूप से चलाने के एवज में नियमित रूप से पैसों की मांग कर रहे हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी केशव कुमार ने पूरे प्रकरण की गोपनीय जांच के आदेश दिए। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर देर रात दोनों अधिकारियों के निलंबन की कार्रवाई की गई। पुलिस ने शिकायतकर्ता की सुरक्षा के मद्देनजर उसका नाम पूरी तरह गोपनीय रखा है। इस कार्रवाई के बाद एसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता और व्यापारियों की सुरक्षा व उनके साथ निष्पक्ष व्यवहार करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी कोई अधिकारी या कर्मचारी अपने पद का दुरुपयोग करता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ इससे भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि कुशीनगर जिले में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पिछले नौ महीनों के भीतर भ्रष्टाचार के अलग-अलग मामलों में 10 से अधिक पुलिसकर्मियों पर गाज गिर चुकी है। रामयश/ईएमएस 17 मई 2026