क्षेत्रीय
17-May-2026
...


- एक युवक की मौत कानपुर (ईएमएस)। शिवराजपुर के सरैया घाट पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां गंगा स्नान के दौरान एक ही परिवार के तीन लोग डूबने लगे। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की मदद से तीनों को पानी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय एक युवक की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, रायपुरवा थाना क्षेत्र के कारवालो नगर (अफीमकोठी) निवासी राज चौरसिया (पुत्र दिनेश) अपने परिवार और बच्चों के साथ सरैया घाट पर गंगा नहाने आए थे। स्नान के दौरान परिवार की दीपांती चौरसिया गहरे पानी में चली गईं और पैर फिसलने के कारण डूबने लगीं। उन्हें डूबता देख और चीख-पुकार सुनकर पास में ही नहा रहे राज चौरसिया और अंबर चौरसिया ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहरे पानी और तेज बहाव की वजह से वे दोनों भी डूबने लगे। वहां मौजूद अन्य रिश्तेदारों ने तुरंत शोर मचाया और स्थानीय गोताखोरों के साथ पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अमित सिंह ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर गोताखोरों को रेस्क्यू में लगाया। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को नदी से बाहर निकाला गया और तुरंत शिवराजपुर स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। अस्पताल में दीपांती और अंबर की हालत सामान्य हो गई, लेकिन बेहोश और गंभीर स्थिति में राज चौरसिया को हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहां रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। - ईएमएस 17 मई 2026