क्षेत्रीय
17-May-2026
...


- जाम से मुक्ति दिलाने के लिए रेलवे पुलिस की बड़ी कार्रवाई हावड़ा (ईएमएस)। रेलवे प्रशासन ने पश्चिम बंगाल के व्यस्ततम हावड़ा स्टेशन परिसर को जाम और असुविधा से मुक्त कराने के लिए देर रात एक बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस विशेष कार्रवाई के तहत स्टेशन के बाहर सड़कों और फुटपाथों पर अवैध रूप से बनी दुकानों और अस्थायी ढांचों को हटाने के लिए बुलडोजरों का इस्तेमाल किया गया। रेलवे पुलिस के मुताबिक, इस इलाके को खाली करने के लिए दुकानदारों को पहले ही आधिकारिक नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद जब अवैध अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए देर रात बुलडोजर चलाकर पूरे परिसर को पूरी तरह साफ करा दिया। स्टेशन से सटे इन अवैध निर्माणों और दुकानों के कारण यात्रियों और आम पैदल चलने वालों की आवाजाही में भारी रुकावट आ रही थी, जिससे हर वक्त जाम की स्थिति बनी रहती थी। रेलवे पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई पूरी तरह से आम जनता और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर की गई है, ताकि अब स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। रात जब यह अभियान शुरू हुआ, तो हावड़ा स्टेशन के बाहर तमाशबीनों की भारी भीड़ जमा होने लगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला और लाउडस्पीकर के जरिए लगातार अनाउंसमेंट किया। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से अपील की कि वे अनावश्यक भीड़ न लगाएं और अपने गंतव्य की ओर बढ़ें। लाउडस्पीकर पर पुलिस अधिकारियों को कहते सुना गया कि यात्री सीधे स्टेशन के अंदर जाएं या अपनी बसें पकड़ें, यहां कोई तमाशा नहीं हो रहा है, इसलिए प्रशासन को शांतिपूर्ण तरीके से अपना काम करने दें। इस कार्रवाई के बाद अब हावड़ा स्टेशन का बाहरी परिसर साफ और सुगम नजर आ रहा है। - ईएमएस 17 मई 2026