- विरोध करने पर कपड़ों में डाले पैसे, आरोपी शिक्षक गिरफ्तार सुलतानपुर (ईएमएस)। बल्दीराय थाना क्षेत्र स्थित एक इंटर कॉलेज में कक्षा 9 की छात्रा से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत का बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी शिक्षक मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात तब हुई जब पीड़िता अपनी मां के साथ इंटर कॉलेज में दस्तावेज जमा करने आई थी। मां स्कूल के मुख्य गेट पर ही रुक गई थीं, जबकि छात्रा जरूरी दस्तावेज लेकर अपने क्लास टीचर राजेश कुमार के पास कॉलेज के अंदर गई थी। आरोप है कि दस्तावेज लेते समय शिक्षक राजेश कुमार ने छात्रा का हाथ पकड़ लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। जब छात्रा ने इसका कड़ा विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसकी आवाज दबाने के लिए जबरन उसके कपड़ों के भीतर पैसे डाल दिए और उस पर अभद्र टिप्पणियां कीं। छात्रा किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर रोते हुए अपनी मां के पास पहुंची और आपबीती सुनाई। बेटी की बात सुनकर मां ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने की भनक लगते ही आरोपी शिक्षक पिछले रास्ते से भाग निकला। सूचना पर पहुंचे बल्दीराय थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने प्रधानाचार्य से घटना की जानकारी ली और पीड़िता की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया। सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दूसरी तरफ, आरोपी शिक्षक की पत्नी अर्चना ने इन आरोपों को एक साजिश बताया है। उनका दावा है कि गणतंत्र दिवस पर स्कूल के ही एक कर्मचारी से उनके पति का विवाद हुआ था, जिसमें काफी जद्दोजहद के बाद मुकदमा दर्ज हुआ था, और उसी रंजिश के तहत अब उनके पति को इस मामले में फंसाया जा रहा है। - ईएमएस 17 मई 2026