फिरोजाबाद (ईएमएस)। यूपी सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने निर्धारित जनपद भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार रविवार को 10 बजे उन्होने अपने निज निवास सिरसागंज पर जनता दर्शन लगाकर जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जनता की समस्याओं को सुना। जनसुनवाई के दौरान मंत्री जयवीर सिंह ने जनपद व गैर जनपदों से आए फरियादियों की शिकायतों को एक-एक कर सुना और शिकायतों को उपस्थित सम्बन्धित जिला स्तरीय अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होने फरियादियों की शिकायतों को गम्भीरता से लेते हुए कुछ प्रकरणों में सम्बन्धित अधिकारियों से सीधे फोन पर वार्ता कर शिकायतों को निस्तारित कराया। उन्होने सम्बन्धित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि गुणवत्तापूर्ण शिकायत निस्तारण की कार्यवाही के उपरांत शिकायतकर्ता को अवगत भी कराया जाए की उनकी शिकायत निस्तारित हो गयी है। जनसुनवाई के दौरान अधिकतर शिकायतेें भूमि विवाद, अतिक्रमण व कब्जा मुक्ति की आने पर पर्यटन मंत्री ने जिलाधिकारी द्वारा उपजिलाधिकारी सिरसागंज व पुलिस क्षेत्राधिकारी सिरसागंज को निर्देशित करते हुए कहा कि शनिवार को आयोजित होने वाले थाना दिवसों पर इस प्रकार के भूमि विवाद प्रकरणों को पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर भेजा जाए और जांच कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। इसके लिए उन्होने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्वक निस्तारण की अनुपालन आख्या बनाकर उन्हें भी अवगत कराऐं। उन्होने कहा कि उ.प्र. सरकार जनता की समस्याओं के प्रति गम्भीर है, इसलिए अधिकारी जनता की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर त्वरित गति से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना सुनिश्चित करेंगे। जनसुनवाई के दौरान अधिकतर शिकायतें भूमि, बिजली, पानी, राशन कार्ड, विद्युत विभाग के बिल, आवास योजना, आधार कार्ड, अतिक्रमण, पुलिस सम्बन्धित आदि शिकायतें प्राप्त हुई। जनसुनवाई के दौरान उन्होने यह भी स्पष्ट किया कि यदि शिकायकतकर्ता की शिकायत निस्तारित नहीं हुई और वह दोबारा हमारे पास आता है, तो सम्बन्धित अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही भी की जाएगी। - ईएमएस फिरोजाबाद