क्षेत्रीय
17-May-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के खार इलाके में बीते 10 मई को हुए दर्दनाक पेड़ गिरने के हादसे में घायल 14 वर्षीय आरिका सुमित श्रीवास्तव का रविवार सुबह निधन हो गया। इस बात की पुष्टि पीडी हिंदुजा अस्पताल के डॉक्टरों ने की। जबकि हादसे में घायल दूसरी बच्ची हर्षिता कुमार की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और वह अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। आपको बता दें कि आरिका और हर्षिता एक ही ऑटो रिक्शा में सफर कर रही थीं, तभी अचानक एक पेड़ गिर गया और दोनों उसकी चपेट में आ गईं। गुरुवार को डॉक्टरों ने आरिका को एप्निया टेस्ट के बाद ब्रेन डेड घोषित कर दिया था। हालांकि, मेडिकल प्रोटोकॉल के तहत जरूरी दूसरे कन्फर्मेटरी टेस्ट में देरी की गई, क्योंकि परिवार को बेटी के बचने की उम्मीद थी। डॉक्टरों ने भी परिवार की भावनाओं को देखते हुए टेस्ट को कुछ समय के लिए टाल दिया था। वहीं, जिस निर्माण परियोजना के परिसर से पेड़ गिरा था, उस डेवलपर कंपनी ब्लूस्टोन के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि कंपनी इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान करेगी। कंपनी ने कहा कि वह जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है और सभी जरूरी दस्तावेज साझा किए गए हैं ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी तकनीकी जांच हो सके। प्रवक्ता के अनुसार, शुरुआती जांच में पेड़ के अंदर गंभीर दीमक लगने और आंतरिक सड़न के संकेत मिले हैं, जबकि बाहर से पेड़ अस्थिर नहीं दिख रहा था। कंपनी ने यह भी कहा कि निर्माण कार्य सभी कानूनी नियमों और सुरक्षा मानकों के तहत किया जा रहा था। - १७ मई/२०२६/ईएमएस