लखनऊ,(ईएमएस)। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी ने अपना असर फिर दिखाना शुरू कर दिया है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक बुंदेलखंड का बांदा जिला 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। इसके अलावा झांसी में 44.1 डिग्री, प्रयागराज में 44 डिग्री, उरई में 43.4 डिग्री और हमीरपुर में तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आगरा में 43 डिग्री, वाराणसी बीएचयू में 42.0 डिग्री, गाजीपुर में 42 डिग्री, फुर्सतगंज में 41.7 डिग्री, सुल्तानपुर में 41.5 डिग्री, चूर्क में 41.4 डिग्री, वाराणसी एयरपोर्ट पर 41.3 डिग्री और आजमगढ़ में पारा 41.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं अलीगढ़ में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी लखनऊ, कानपुर शहर और बलिया में तापमान 40 को छू गया। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। विभाग ने दक्षिणी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। लखनऊ और इसके आसपास रविवार को आसमान साफ रहेगा। हालांकि, गर्मी से कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। सिराज/ईएमएस 17मई26