जयपुर,(ईएमएस)। पुलिस ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आम जनता से बेहतर संपर्क स्थापित करने के उद्देश्य से कई शहरों में साइकिल पेट्रोलिंग शुरू की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह पहल विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले बाजारों, संकरी गलियों और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी के लिए शुरू की गई है, जहां पुलिस वाहनों की आवाजाही कठिन होती है। साइकिल पेट्रोलिंग के माध्यम से पुलिसकर्मी तेजी से क्षेत्र में पहुंच सकेंगे और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत नजर रख पाएंगे। पुलिस विभाग का कहना है कि इस व्यवस्था से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा और ईंधन की बचत होगी। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया है। उनका मानना है कि साइकिल पर गश्त करने वाले पुलिसकर्मी आम नागरिकों से अधिक आसानी से संवाद कर पा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आने वाले समय में इस अभियान का विस्तार अन्य जिलों में भी किया जाएगा ताकि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके। एसजे / 17 मई 26