राज्य
17-May-2026


* 31 मई तक नागरिक ऑनलाइन भर सकेंगे अपनी जानकारी, गुजरात बना डिजिटल जनभागीदारी का अग्रदूत गांधीनगर (ईएमएस)| मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने जनगणना 2027 के अंतर्गत रविवार से शुरू हुई स्व-गणना का राज्यव्यापी शुभारंभ कराया। 31 मई 2026 तक निर्धारित 15 दिनों में लोग अपनी आवश्यक जानकारी स्वयं ऑनलाइन भरकर इस प्रक्रिया में सहभागी बन सकेंगे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अपने परिवार की जानकारी जनगणना प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन भरकर स्व-जनगणना की औपचारिक शुरुआत कराई। उन्होंने राज्य के नागरिकों से भी इस राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेकर सशक्त, समावेशी और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का अनुरोध किया। उल्लेखनीय है कि इस बार जनगणना 2027 पूरी तरह डिजिटल माध्यम से पोर्टल और मोबाइल आधारित की जा रही है। स्व-गणना की यह पहल नागरिकों को सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराती है, जिसके माध्यम से नागरिक कहीं से भी अपनी जानकारी ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। नागरिक https://se.census.gov.in/ के माध्यम से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर अपनी स्व-गणना पूरी कर सकते हैं तथा सक्रिय नागरिक भागीदारी के जरिए अपनी जानकारी ऑनलाइन भरकर समय पर और सटीक सूचना भी दे सकते हैं। जनगणना 2027 में पहली बार स्व-गणना पद्धति प्रस्तुत की जा रही है। गुजरात में यह गणना 17 से 31 मई 2026 के दौरान वेब पोर्टल पर नागरिकों द्वारा अपनी जानकारी प्रदान कर स्व-गणना में भाग लेने के माध्यम से की जाएगी। इसके बाद 1 से 30 जून 2026 के दौरान 1 लाख से अधिक जनगणना कार्यकर्ताओं द्वारा हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (एचएलओ) संचालित किया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अपनी जानकारी स्व-गणना के अंतर्गत भरने के समय राज्य के जनगणना संचालन निदेशक सुजल मयात्रा ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर जनगणना संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी। सतीश/17 मई