जबलपुर, (ईएमएस)। मझौली थानांतर्गत कल शाम लगभग ७ बजे बचैया मेनरोड ग्राम मोहनिया बगीचा के समीप पेड़ के पास खड़े होकर बातें कर रहे दो लोगों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। घटना में घायलों को इलाज के लिए जबलपुर भिजवाया गया है। भीड़ जुटती देख कार चालक भाग गया। मझौली पुलिस ने बताया कि ग्राम बेलखाड़ू कटंगी निवासी इरशाद अंसारी टेंट लगाने का काम करता है। अपने भाई शहजाद के साथ में काम करने वाले कमल रैदास आसिफ अंसारी के साथ ग्राम बिछिया से टेंट का सामान लोडिंग वाहन में रख कर ग्राम बेलखाड़ू जा रहा था। शाम लगभग ७ बजे सभी बचैया मेन रोड ग्राम मोहनिया बगीचा के पास पहुंचे तो गाड़ी रोक कर सभी निस्तार कर वहीं पेड़ के पास खड़े होकर बातें करने लगे। तभी बचैया तरफ से आ रही कार क्रमांक एमपी २० एफ ए ६०१६ के चालक ने तेज गति से लापरवाही से चलाते हुए पेड़ के पास खड़े शहजाद व कमल को टक्कर मार दी। सुनील साहू / शहबाज / 17 मई 2026 / 07.00